पीड़िता के के मुताबिक 20 फरवरी 2022 को उसने ग्वालियर के कमला राजा अस्पताल में पेट में कैंसर की गांठ का ऑपरेशन कराया था। इस दौरान डॉक्टरों ने पेट में कैंची छोड़ दी, तब से वह लगातार दर्द से परेशान थी।
मध्य प्रदेश के भिंड जिला अस्पताल में एक महिला के पेट में कैंची मिलने का अजीब मामला सामने आया है। 44 साल की महिला का दो साल पहले ग्वालियर के कमला राजा अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था। जिसके बाद से उसके पेट में दर्द हो रहा था। महिला दर्द से परेशान हो चुकी थी, आखिर में शुक्रवार देर शाम उसने सीटी स्कैन कराई तो पेट में कैंची होने का खुलासा हुआ।
विज्ञापन
सौंधा गोहद की रहने वाली कमला बाई ने बताया कि पिछले दो साल से पेट दर्द से परेशान थीं। बार-बार जांच और दवाओं के बाद भी कोई राहत नहीं मिली। आखिरकार दर्द बढ़ने पर भिंड जिला अस्पताल में सीटी स्कैन करवाया। स्कैन प्रभारी सतीश शर्मा ने बताया कि स्कैन करते ही पेट में एक धातु की वस्तु दिखाई दी जो बाद में कैंची निकली।
पेट में कैंसर की गांठ का ऑपरेशन हुआ था
कमला बाई के मुताबिक 20 फरवरी 2022 को ग्वालियर के कमला राजा अस्पताल में पेट में कैंसर की गांठ का ऑपरेशन कराया था। इस दौरान डॉक्टरों ने पेट में कैंची छोड़ दी, तब से वह लगातार दर्द से परेशान थी। बार-बार डॉक्टर को दिखाने के बाद भी वह असली समस्या को नहीं पकड़ पाया।
विज्ञापन
डॉक्टर पर हो सख्त कार्रवाई
पीड़िता कमला बाई के परिवार ने डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि इस लापरवाही के कारण कमला बाई को दो साल तक असहनीय दर्द झेलना पड़ा। वे अब न्याय के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। जिला अस्पताल के अधिकारियों ने इस मामले की पूरी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजने की बात कही है।