मध्य प्रदेश के भिंड से वृंदावन दर्शन करने जा रहे एक परिवार की धार्मिक यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। उत्तर प्रदेश के मथुरा में श्रद्धालुओं से भरी कार सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही भिंड और ग्वालियर में मृतकों के परिजनों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र में सनसिटी के पास सोमवार को भिंड के रहने वाले एक परिवार के नौ सदस्य स्विफ्ट कार में सवार होकर धार्मिक यात्रा पर निकले थे। सभी ग्वालियर से होते हुए वृंदावन जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सर्विस लेन पर खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए।
चीख-पुकार मची
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक मां और उसका बेटा भी शामिल हैं। वहीं, पांच घायलों को तत्काल सर्वोदय मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ और डंपर से टकरा गया। बताया जा रहा है कि चालक ने रात में दो अलग-अलग स्थानों पर परिक्रमा की थी। संभवतः पर्याप्त नींद नहीं मिलने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मथुरा पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे को लेकर मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार और जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने भी जानकारी दी है। भिंड से भगवान के दर्शन करने निकले परिवार के चार सदस्यों की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।