भिंड में डेयरी पर खाद्य विभाग ने जांच अभियान चलाया।
- फोटो : अमर उजाला
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार को ग्राम मसूरी में स्थित एक डेयरी पर छापा मारकर एक क्विंटल मिलावटी मावा जब्त किया जांच अभियान के दौरान विभाग की टीम ने मौके से रिफाइंड पामोलिन तेल और वनस्पति घी का 30 किलोग्राम मिश्रण भी बरामद किया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने संबंधित डेयरी का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है।
डेयरी में मिलावटी मावा तैयार करने का खुलासा
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जिले में दूध और दुग्ध उत्पादों की शुद्धता परखने के लिए लगातार जांच कर रही है। इसी कड़ी में अधिकारियों ने ग्राम मसूरी में संचालित संदीप सिंह भदौरिया की डेयरी पर दबिश दी। निरीक्षण के दौरान डेयरी परिसर में रिफाइंड पामोलिन तेल और वनस्पति घी को मिलाकर मावा तैयार किया जा रहा था। अधिकारियों ने दूध, तेल-वनस्पति के मिश्रण और तैयार मावा के नमूने लिए। मौके पर ही रैपिड किट की मदद से जब मावे की जांच की गई, तो उसमें मिलावट की पुष्टि हुई। इसके तुरंत बाद टीम ने एक क्विंटल मिलावटी मावा जब्त कर उसे सुरक्षित रखने के लिए कोल्ड स्टोर में भिजवा दिया।
ये भी पढ़ें-
पीथमपुर में गोवंश चोरी के शक में दो युवकों से मारपीट, एक की मौत; तीन आरोपी हिरासत में
शहर की अन्य डेयरियों पर भी प्रशासनिक कार्रवाई
ग्राम मसूरी में हुई इस कार्रवाई के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा दल ने भिंड शहर के विभिन्न इलाकों में भी गहन जांच अभियान चलाया। दल ने गौरी रोड पर स्थित विनोद डेयरी का निरीक्षण किया और वहां से पनीर, दूध तथा घी के नमूने एकत्र किए। इसके बाद टीम किरार कॉलोनी पहुंची, जहां अनुराधा डेयरी से पनीर, घी और सप्रेटा दही के नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों की प्राथमिक जांच मौके पर ही रैपिड किट तथा चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से संपन्न की गई।
प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार शहर और ग्रामीण इलाकों से संग्रहित किए गए सभी नमूनों को विस्तृत जांच के लिए राज्य स्तरीय प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से आधिकारिक रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मिलावटखोरी में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों का निर्माण या बिक्री करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की मिलावट की सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग या संबंधित उप जिलाधिकारी को दें।