350 रुपए की उधारी पर हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में महज 350 रुपए की उधारी को लेकर हुए विवाद ने खून-खराबे का रूप ले लिया। पुलिस ने इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सूरगांव की है। 17 सितंबर 2025 की सुबह देवराव आलोने खेत पर घास काट रहे थे, तभी उन पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को सील किया और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें-
शैतानी करतूत: औरतों की कब्र खोदता, नग्न होकर उनके बाल काटकर करता था तंत्र क्रिया; इस कांड के पीछे थी ये हसरत
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। लगातार पूछताछ और सुरागों के आधार पर ग्राम सूरगांव निवासी कचरू उर्फ कचरया को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा किया कि मृतक ने उससे 350 रुपए उधार लिए थे और लौटाने से इंकार कर दिया। विवाद बढ़ने पर गुस्से में उसने हसिए से हमला कर देवराव की जान ले ली।
हत्या के बाद आरोपी ने खून से सने कपड़े और हथियार छिपाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसके बताए स्थान से सब बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
एसपी वीरेंद्र जैन का कहना है कि 17 सितंबर को सूरगांव में हत्या की सूचना मिली थी। यह एक ब्लाइंड मर्डर था। जांच के दौरान पता चला कि मृतक ने आरोपी से 350 रुपए उधार लिए थे। जब उसने पैसे मांगे तो विवाद हुआ और गुस्से में आरोपी ने हसिए से हमला कर हत्या कर दी। जांच में आरोपी के हाथ में लगी चोट से भी पुलिस को सुराग मिला।