इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त बाइक और
बैतूल जिले में मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवाओं की मौत हो गई। इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिचोली थाना क्षेत्र के टाहली-कुम्हली जोड़ के पास हुई इस दुर्घटना ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे में दो युवतियों और एक युवक की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, खारीढ़ाना निवासी आंचल सेन इंदौर से बस द्वारा बैतूल लौट रही थीं। उन्हें लेने उनकी सहेली खुशी पंडाग्रे और रिश्तेदार कपिल बारस्कर बाइक से हाईवे पहुंचे थे। बस से उतरने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार टवेरा वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में कपिल बारस्कर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल खुशी पंडाग्रे और आंचल सेन को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
पढ़ें: कट्टरपंथी फराज को जेल भेजा, 20 जून तक एटीएस की रिमांड पर नईम, एटीएस कर रही नेटवर्क की पड़ताल
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दोनों युवतियों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया गया, जबकि कपिल बारस्कर का पोस्टमार्टम चिचोली में हुआ। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टवेरा वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खारपुसे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से हादसा होना सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।