जनविश्वास शिविर में मंत्री गौतम टेटवाल
- फोटो : अमर उजाला
जिले के भामी गांव में जनविश्वास अभियान शिविर के दौरान ग्रामीणों द्वारा स्कूल भवन की मांग उठाए जाने पर प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने बच्चों की संख्या कम होने का हवाला देते हुए ऐसा बयान दिया कि अब इसका वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
शुक्रवार शाम जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल पहुंचे थे। इस दौरान भामी गांव के ग्रामीणों ने उनके सामने माध्यमिक विद्यालय के लिए स्कूल भवन उपलब्ध कराने की मांग रखी। ग्रामीणों की मांग पर मंत्री ने बच्चों की संख्या कम होने का हवाला देते हुए कहा कि इतने बच्चों के लिए दो-तीन लाख रुपये खर्च करने का क्या औचित्य है।
लौटाया आवेदन
स्कूल भवन की मांग को लेकर एक ग्रामीण मंत्री के सामने हाथ जोड़कर खड़ा रहा लेकिन मंत्री ने उसे नियमों का हवाला दिया और आवेदन वापस कर दिया। मंत्री ने ग्रामीणों से कहा कि वे स्कूल के लिए सामुदायिक भवन उपलब्ध करा देंगे लेकिन स्कूल भवन की मांग न करें। बता दें कि भामी ग्राम पंचायत में प्राथमिक स्कूल का भवन बना हुआ है लेकिन माध्यमिक विद्यालय सामुदायिक भवन में संचालित हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार माध्यमिक विद्यालय का भवन वर्ष 2007 में बनाया गया था लेकिन कुछ समय बाद ही उसकी स्थिति खराब हो गई। अब भवन की मरम्मत के बजाय विद्यालय का संचालन सामुदायिक भवन में किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: इंदौर: इंदौर के राजेंद्र नगर ब्रिज से गिरी तेज रफ्तार थार, स्पीड इतनी थी कि टूट गई रेलिंग
आंगनवाड़ी की छत के टीन में भी छेद
ग्रामीणों का कहना है कि खराब माध्यमिक विद्यालय के भवन में आंगनवाड़ी भी संचालित हो रही है। इसकी छत के टीन दो बार उड़ चुके हैं। इसके बाद लगाए गए नए टीन में भी छेद हो गए हैं। ऐसे में ग्रामीण लंबे समय से स्कूल भवन की समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं।
बयान पर सियासत की संभावना
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब राहुल गांधी इंदौर में युवाओं और छात्रों को जोड़ने के लिए कार्यक्रम कर रहे हैं। इसमें बड़वानी जिले से भी बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल के इस बयान को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज होने की संभावना जताई जा रही है।