बालाघाट जिले के रूपझर थाना क्षेत्र के पचामादादर-कटे झिरिया के जंगल में बीते दिन शनिवार को मारे गए चार नक्सलियों में से दो की पहचान हो गई है। इन दोनों पर 14-14 लाख रुपये का इनाम घोषित था। दो अन्य महिला नक्सलियों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
आईजी बालाघाट संजय कुमार के अनुसार, सूचना मिली थी कि माओवादियों का एमएमसी जोन (मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़) का जीआरबी डिवीजन पचामादादर-कटे झिरिया के जंगल में मौजूद है। इस पर हॉक फोर्स, जिला पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों की संयुक्त टीम ने 13 और 14 जून की दरम्यानी रात को कॉर्डन और सर्चिंग ऑपरेशन शुरू किया। सर्चिंग के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग की, जिसमें तीन महिला नक्सली समेत चार नक्सली मारे गए।
आईजी संजय ने बताया कि अब तक दो नक्सलियों की पहचान हुई है। इनमें छत्तीसगढ़ के बस्तर का रहने वाला रवि कुमार और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली की रहने वाली रीता शामिल हैं। दोनों नकस्ली मलाजखंड दलम के एसीएम थे, उन पर 14-14 लाख का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि दो अन्य महिला नक्सलियों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।