जिले के कटंगी के बिसापुर गांव में बुधवार देर रात तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई। घर के बाहर खड़े एक युवक पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद वन विभाग के एक वनरक्षक के साथ मारपीट कर दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार दिनेश पिता दिलीप उइके रात के समय अपने घर के बाहर खड़ा हुआ था। इसी दौरान जंगल की ओर से आए तेंदुए ने उस पर झपट्टा मार दिया। हमले में युवक के सिर और शरीर पर गहरी चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। घायल युवक को संजीवनी 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: Ratlam News: टीकाकरण के बाद दो बच्चों की तबीयत बिगड़ी, एक की मौत, दूसरे का आईसीयू में इलाज जारी
इधर घटना से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद वनरक्षक की पिटाई कर दी। हालात बिगड़ते देख वनरक्षक को एक कमरे में शरण लेनी पड़ी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। मारपीट की घटना को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान की प्रतीक्षा है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ रही है, लेकिन पर्याप्त निगरानी और सुरक्षा उपाय नहीं किए जा रहे हैं।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
कटंगी क्षेत्र में इससे पहले भी वन्यजीव हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पिछले वर्ष गोरेघाट बीट में बाघ के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव की सूचना तुरंत देने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाएगी और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।