रामपायली थाना क्षेत्र के ग्राम सालेबर्डी में रविवार सुबह तालाब से जेठ-बहू के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान प्रकाश रहांगडाले (45) और उनकी बहू सीमा रहांगडाले (37) के रूप में हुई है। दोनों शनिवार से ही घर से लापता थे और परिजन उनकी तलाश करने में जुटे थे।
रविवार सुबह करीब 10 बजे सालेबर्डी और येरवाटोला के बीच बने तालाब में ग्रामीणों ने शव देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रामपायली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों के शव बाहर निकलवाए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
ये भी पढ़ें-
चलती ट्रेन में तड़पने लगी गर्भवती, रेलवे कोच बना इमरजेंसी वार्ड, मशक्कत से बची प्रसूता-नवजात की जान
बाइक और चप्पलें मिलीं, ग्रामीणों को लगा शक
ग्रामीणों ने बताया कि सुबह तालाब किनारे बाइक और चप्पलें पड़ी देख संदेह हुआ। कुछ देर तलाशी में तालाब के अंदर शव दिखाई दिए। थाना प्रभारी दिलीप मौर्य के अनुसार, मौके से कीटनाशक दवा की बोतल बरामद हुई है। दोनों शवों पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए। ऐसे में पुलिस यह जांच कर रही है कि मौत जहर खाने से हुई या फिर पानी में डूबने से।
नल-जल मिशन में सुपरवाइजर थे प्रकाश
जानकारी के अनुसार, प्रकाश रहांगडाले नल-जल मिशन के कार्य में सुपरवाइजर के तौर पर काम कर रहे थे। शनिवार शाम गांव के कुछ लोगों ने उन्हें येरवाटोला की ओर जाते देखा था। इसके बाद से दोनों का कोई सुराग नहीं मिला था। एसडीओपी अभिषेक चौधरी ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ कर मौत की वजह पता करने में लगी है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।