बालाघाट जिले के गढ़ी थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेंदूपत्ता से भरा ट्रक हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने के कारण आग की चपेट में आ गया और देखते ही देखते जलकर खाक हो गया। हालांकि, समय रहते ड्राइवर और कंडक्टर ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
गढ़ी थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक में परसवाड़ा से तेंदूपत्ता लोड किया गया था, जिसे गुजरात भेजा जा रहा था। जबलपुर-रायपुर हाईवे पर ग्राम परसामऊ के पास शनिवार शाम करीब 5 बजे यह हादसा हुआ। ट्रक जैसे ही हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आया, उसमें भीषण आग लग गई। तेंदूपत्ता अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर से ही देखी जा सकती थीं।
ये भी पढ़ें-
देखते ही देखते आग का गोला बन गई कार, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो
ड्राइवर और कंडक्टर बाल-बाल बचे
हादसे के दौरान ट्रक चालक और क्लीनर सतर्कता दिखाते हुए तुरंत वाहन से कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि, ट्रक पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। आग के कारण कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात भी बाधित हो गया।
दमकल पहुंची, लेकिन ट्रक बचाना संभव नहीं हुआ
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को मौके पर बुलाया गया, लेकिन जब तक दमकल वहां पहुंची, तब तक ट्रक जलकर राख हो चुका था। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने की कोशिश की, मगर तेज लपटों के कारण कोई सफल नहीं हो सका।
ये भी पढ़ें-
युवक को घर से बुलाकर की थी निर्मम हत्या, विशेष सत्र न्यायाधीश ने दी इतनी वर्षों की कठोर सजा
35 लाख से अधिक की आर्थिक क्षति
इस हादसे में ट्रक और तेंदूपत्ते सहित लगभग 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ट्रक में पूरी तरह सूखा तेंदूपत्ता भरा था, जिससे आग बेहद तेजी से फैली और ट्रक को कुछ ही पलों में नष्ट कर दिया।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आग लगने का मुख्य कारण हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आना था या कोई और तकनीकी वजह भी हो सकती है। फिलहाल, घटनास्थल पर स्थिति सामान्य हो गई है और यातायात बहाल कर दिया गया है।