डाली दमाहे का शव गांव पहुंचते ही जनता आक्रोशित हो गई।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व जिला पंचायत सदस्य तथा बब्बर सेना के प्रमुख डाली दमाहे की हत्या के मुख्य आरोपी तथा विश्व हिन्दू परिषद के जिला अध्यक्ष संजीव अग्रवाल को पुलिस ने तेलगांना से गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य का शव गुरुवार की देर रात उनके ग्रह ग्राम कोसमी पहुंचा तो जनता आक्रोशित हो गई। उग्र जनता ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया। पथराव की घटना में सीएसपी सहित आधा दर्जन पुलिस कर्मियों को चोट आई है।
जानकारी के अनुसार पूर्व जिला पंचायत सदस्य तथा बब्बर सेना प्रमुख डाली दमाहे तथा उनके भांजे योगेश मोहारे पर 28 फरवरी की रात्रि में ग्राम गोंगलई के भोलेनाथ मंदिर के समीप प्राणघातक हमला किया गया था। डाली दमाहे ने अपने बयान में बताया था कि आपसी रंजिश के कारण विश्व हिन्दू परिषद के जिला अध्यक्ष संजीव अग्रवाल व ललित पारधी तथा उनके साथियों ने हमला किया था। गंभीर अवस्था में डाली को उपचार के लिए गोदियां स्थित अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जिसकी गुरुवार की दोपहर को मौत हो गई थी।
पुलिस अधीक्षक सौरभ समीर ने बताया कि गुरुवार की रात को डाली का शव जैसे ही उसके ग्रह ग्राम पहुंचा तो उपस्थित जनता आक्रोशित हो गई। जनता ने गोदियां मार्ग बंद करने का प्रयास किया और समझाइश देने पर पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। पथराव में एक सीएसपी सहित आधा दर्जन पुलिस कर्मियों को चोटे आई हैं। कोतवाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय अकेला व किरनापुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक तोपेश कावरे भीड़ की ओर से हुए पथराव में चोटिल हो गए। जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस पथराव में सीएसपी अपूर्व भलावी समेत कुछ और पुलिस कर्मी चोटिल हुए हैं। स्थिति को नियंत्रित करने पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस उपद्रवियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर रही है और वीडियोग्राफी के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है। हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने तेलगांना से गिरफ्तार कर लिया है तथा अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य का अंतिम संस्कार शुक्रवार को गमगीन व तनावपूर्ण माहौल में किया गया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अंतिम संस्कार के समय पूर्व सांसद कंकर मुंजारे, पूर्व विधायक मधु भगत, अखिल भारतीय लोधी समाज के अध्यक्ष उम्मेद लिल्हारे शामिल हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।