शादी से इनकार किया तो प्रेमी ने प्रेमिका की गला घोंटकर की हत्या
शादी से इन्कार करने पर प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने रविवार को आकाश बाघमारे को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से बाइक, मोबाइल और रस्सी जब्त की है। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस प्रशांत शर्मा ने मामले की जानकारी दी।
दो साल से था प्रेम संबंध
पुलिस के मुताबिक बालाघाट के एक निजी अस्पताल में काम करने वाली साक्षी डोहरे और आकाश के बीच दो साल से प्रेम संबंध थे। साक्षी रामपायली थाना क्षेत्र के लिंगमारा की रहने वाली थी, जबकि आकाश तिरोड़ी थाना क्षेत्र के गोरेघाट का निवासी है। गत 29 अक्तूबर को आकाश, साक्षी को घुमाने के बहाने रामपायली के बोदलकसा जंगल ले गया। पुलिस के अनुसार साक्षी के शादी से इंकार करने पर उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और इसके बाद वह शव के पास ही बैठा रहा।
ये भी पढ़ें: भोपाल: आईएसबीटी बना ड्रग तस्करों का ठिकाना, डीआरआई ने दिल्ली से आए 2 तस्करों से पकड़ी 4.32 किलो एमडी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज
पुलिस को घटना की जानकारी स्थानीय लोगों से मिली। आरोपी आकाश ने पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी बताई। उसने पुलिस को बताया कि वह शौच के लिए गया था। जब वह वापस लौटा तो साक्षी फांसी पर लटकी मिली और उसने उसे बचाने के लिए नीचे उतारा। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद कड़ाई से की गई पूछताछ में आकाश ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायालय में पेश किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।ं