मध्य प्रदेश में बच्चियों से छेड़-छाड़ के मामले थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इंदौर से एक बच्ची के साथ उसके बैडमिंटन कोच द्वारा अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। बच्ची लंबे समय से बैडमिंटन की ट्रेनिंग ले रही है। बच्ची को कोच बैडमिंटन सिखाने के बहाने छूता रहता था लेकिन अब जब बात बर्दाश्त से बाहर हो गई तो कोच द्वारा की जा रही अश्लील हरकत की जानकारी बच्ची ने अपने माता-पिता को दी।
माता-पिता जब विरोध करने पहुंचे तो कोच ने उनसे भी मारपीट की। कोच ने उनके कपड़े भी फाड़ दिए। ये पूरा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। फिलहाल मामले की जांच खुड़ैल पुलिस कर रही है और कोच के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
बच्ची से कोच ने खुड़ैल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पुष्परतन टाउनशिप में छेड़खानी की। बच्ची टाउनशिप में बने बैडमिंटन कोर्ट में ही प्रैक्टिस करती है। यहां बैडमिंटन कोच किशोर पोडैल बच्चों को बैडमिंटन की ट्रेनिंग देता है।
किशोर इंदौर के नेहरू स्टेडियम स्थित बैडमिंटन सेंटर में भी सहायक कोच है। कोच ने टाउनशिप में ट्रेनिंग के दौरान ही बच्ची से अश्लील हरकत की। जब बच्ची ने इस घटना की जानकारी अपने माता-पिता को दी और नाराज अभिभावक कोच के पास पहुंचे तो कोच ने उन लोगों के साथ मारपीट की और उनके कपड़े भी फाड़ दिए।