अशोक नगर जिले में दौरे के दौरान हुई घटना
अशोकनगर में जंघार गांव के पास विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के काफिले की दो गाड़ियां आपस में टकरा गईं। यह हादसा निर्माणाधीन सड़क के किनारे पड़े गिट्टी के ढेर की वजह से हुआ, जिसमें पीएसओ और फॉलो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। गनीमत रही कि हादसे में विधानसभा अध्यक्ष सहित सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को भी चोट नहीं आई है।
घटना के समय काफिला ईसागढ़ से देहरदा मार्ग पर आगे बढ़ रहा था। रास्ते में निर्माणाधीन सड़क का काम चल रहा था। इसी दौरान काफिले में पीछे चल रही पीएसओ की गाड़ी सड़क किनारे पड़े गिट्टी के ढेर से अनियंत्रित होकर टकरा गई। पीएसओ की गाड़ी के अचानक रुकने से उसके ठीक पीछे आ रही फॉलो गाड़ी भी आगे वाली गाड़ी से जा भिड़ी।
ये भी पढ़ें-
महामंडलेश्वर को दुष्कर्म केस में फंसाने की साजिश हुई नाकाम, पूर्व साध्वी समेत दो पर मामला दर्ज
यह घटना उस वक्त हुई जब विधानसभा अध्यक्ष का काफिला महुअन गांव से वापस लौट रहा था। नरेंद्र सिंह तोमर महुअन गांव में पूर्व विधायक स्वर्गीय राव राजकुमार सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पहुंचे थे। हादसे के दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर जिस मुख्य गाड़ी में सवार थे, वह काफिले में सबसे आगे चल रही थी। हादसे वाली जगह से उनकी गाड़ी पहले ही आगे निकल चुकी थी, इसलिए वे और उनका वाहन पूरी तरह से सुरक्षित रहे।
इस आपस की टक्कर के कारण पीएसओ वाली गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं, पीछे से टकराने के कारण फॉलो गाड़ी का भी अगला हिस्सा डैमेज हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को कोई गंभीर चोट नहीं आई है और कोई जनहानि नहीं हुई है।
अशोक नगर जिले में दौरे के दौरान हुई घटना