सार
निजी स्कूलों की छात्राओं को इत्र और तंत्र-मंत्र से आकर्षित व भयभीत करने के आरोप में युवक विशाल रघुवंशी गिरफ्तार हुआ। कई दिनों से पीछा करने की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपी से इत्र की शीशी और मंत्रों की किताब बरामद हुई, कोर्ट ने जेल भेजा आदेश दिया।
छात्राओं को सम्मोहित करने वाला गिरफ्तार।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने अभिभावकों और आमजन की चिंता बढ़ा दी है। यहां एक युवक पर निजी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को इत्र और तंत्र-मंत्र के सहारे आकर्षित करने और भयभीत करने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान सावन गांव निवासी विशाल रघुवंशी के रूप में हुई है, जो जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर रहता है। बताया गया कि वह बीते कुछ दिनों से लगातार निजी स्कूलों के आसपास घूमता दिखाई दे रहा था और छात्राओं का पीछा करता था। उसकी हरकतों से छात्राएं असहज और डरी हुई थीं, जिसके बाद उन्होंने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी।
छात्राओं को प्रभावित करने की कोशिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी को पकड़ने की कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी ने मौके पर मौजूद लोगों के साथ धक्का-मुक्की करने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू में कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक इत्र की शीशी और मंत्रों से जुड़ी एक किताब बरामद हुई है। पूछताछ में उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह इत्र और मंत्रों के जरिए छात्राओं को प्रभावित करने की कोशिश करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- जहरीला खाना खिलाकर पांच स्ट्रीट डॉग्स को उतारा मौत के घाट, मासूम पिल्ले को भी नहीं बख्शा
इत्र की शीशी और एक मंत्रों की किताब बरामद
कोटवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। नाबालिग बच्चियों के परिजनों ने थाने पर शिकायत की थी कि एक लड़के द्वारा छात्राओं का कई दिनों से लगातार पीछा किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विशाल रघुवंशी को विदिशा रोड से गिरफ्तार कर लिया है। तलाशी लेने पर उसके पास से एक इत्र की शीशी और एक मंत्रों की किताब बरामद हुई है। आरोपी के परिजनों और दोस्तों से पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि वह मंत्रों को पढ़ता रहता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में की पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।