मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस मामले पर कहा कि भाजपा के पास विकास पर, अपने काम पर कुछ बोलने को नहीं बचता है तो वह विरोधियों के खिलाफ ऐसे हथकंडे अपनाती है। उसे लोकसभा चुनाव में अपनी हार दिखने लगी है। विधानसभा चुनाव के दौरान भी इसी तरह की कार्रवाई की गई थी लेकिन इसका परिणाम सबको पता है। प्रदेश और देश की जनता सब सच्चाई जानती है और चुनाव में इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।
हवाला के बारे में इनपुट मिला था
सूत्रों ने बताया कि आयकर विभाग को मध्य प्रदेश से दिल्ली हवाला कारोबार के बारे में इनपुट मिला था। इसका लिंक पता करने के बाद आयकर टीम दो दिन पहले से इंदौर व भोपाल में सक्रिय थी।
केंद्र सरकार विरोधियों को कर रही प्रताड़ित : कांग्रेस
कांग्रेस ने मोदी सरकार पर विरोधियों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता माणक अग्रवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले बदले की भावना से यह छापेमारी की गई है। चुनाव को प्रभावित करने के लिए मोदी सरकार ऐसा करेगी तो केंद्र में कांग्रेस सरकार बनने के बाद अमित शाह के साथ भी ऐसा ही होगा।
चोरों को चौकीदार से शिकायत : विजयवर्गीय
भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के निज सचिव के घर से आयकर विभाग के छापे में करोड़ों की काली कमाई बरामद हुई। इससे एक बात तो साफ हो गई, जो चोर हैं उन्हें ही चौकीदार से शिकायत है।
राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रहे पीएम मोदी
आयकर विभाग की कार्रवाई पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू और कर्नाटक में एचडी कुमार स्वामी की सरकार को भी इसी तरह परेशान किया गया। अब मध्य प्रदेश सरकार के साथ भी वही किया जा रहा है।