पुलिस गिरफ्त में दादा की हत्या का आरोपी
अनूपपुर के जैतहरी थाना क्षेत्र के बेलिया गांव में शराब के नशे में पत्नी और बच्चों से मारपीट कर रहे युवक को समझाना 85 वर्षीय दादा को भारी पड़ गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पोते ने लाठी से हमला कर दादा की हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार शाम आरोपी 22 वर्षीय रवि शंकर पनिका को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय के अनुसार, 30 सितंबर की रात रवि शंकर अत्यधिक शराब के नशे में जैतहरी से अपने घर पहुंचा और पत्नी-बच्चों से मारपीट करने लगा। चीख-पुकार सुनकर उसके दादा गोरेलाल पनिका (85) बीच-बचाव करने पहुंचे। इससे नाराज होकर रवि ने लाठी से दादा पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दादा को घर से बाहर तक दौड़ाकर लाठी से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद रवि मौके से फरार होकर अपने दोस्त के घर जाकर छिप गया।
ये भी पढ़ें-
अफसरों की चूक: जिन ईवीएम के चोरी होने की लिखाई गई थी रिपोर्ट, उनका राज सरकारी फाइलों में था बंद; जानें मामला
परिजनों ने 1 अक्टूबर की सुबह 108 एंबुलेंस की मदद से गोरेलाल को जिला अस्पताल अनूपपुर में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसी रात करीब 8 बजे उनकी मौत हो गई। 2 अक्टूबर को मृतक के बेटे मोहनलाल पनिका (60) की रिपोर्ट पर जैतहरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया।पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी के अनुसार, अस्पताल में दादा की मौत की जानकारी मिलने के बाद रवि जिले से बाहर भागने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास मोबाइल फोन नहीं था, जिससे उसकी तलाश चुनौतीपूर्ण रही।
पूछताछ में आरोपी ने किसी पुराने विवाद से हत्या से इनकार किया और अत्यधिक शराब पीने के कारण होश खो बैठने की बात कही। चिकित्सकीय जांच में मृतक की पसली और हाथ की हड्डी टूटने तथा लीवर में गंभीर चोट की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।