रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा के पास सोमवार रात सड़क पर खड़े बिगड़े हुए थ्रेसर वाहन से दोपहिया बाइक सवार दो युवक टकरा गए। इस हादसे में संतोष चौधरी (निवासी रेऊंदा) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक, रतन केवट गंभीर रूप से घायल हो गया। रतन को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, थ्रेसर वाहन खराब हो गया था, जिसे चालक सड़क पर खड़ा कर मौके से चला गया। अंधेरा होने के कारण बाइक सवार युवक इसे देख नहीं पाए और टकरा गए। हादसे के समय थ्रेसर में कोई चेतावनी या पार्किंग लाइट चालू नहीं थी, जिससे यह दुर्घटना हुई। घटना की सूचना पर रामनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर थ्रेसर वाहन को सड़क से हटवाया। लापरवाही के आरोप में थ्रेसर चालक के विरुद्ध धारा 125 ए एवं 106 (1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिकअप वाहन पलटने से 8 श्रद्धालु गंभीर घायल, चालक नशे में
अन्य घटना में कोतवाली थाना क्षेत्र के किरर घाट के पास मंगलवार रात श्रद्धालुओं से भरा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें 13 यात्री घायल हुए। सभी घायल बिजुरी थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव के निवासी हैं, जो अमरकंटक से लौट रहे थे। इनमें से 8 को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों में रिंकी सिंह (22), उर्मिला सिंह (30), अमन सिंह (35), ओमवती, जोहन सिंह (45), रोहित सिंह (14), फगुना सिंह (45), और पारस सिंह (13) शामिल हैं, जिन्हें सिर, कमर और अन्य अंगों पर चोटें आई हैं।
ओवरलोड और नशे में था चालक
घायलों ने पुलिस को बताया कि वाहन में कुल 18 लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि चालक शराब के नशे में लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचकर पिकअप वाहन के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। तत्पश्चात, उन्होंने एंबुलेंस बुलवाकर घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा।