अनूपपुर में शिक्षक के घर का ताला तोड़कर घुसे थे चोर
- फोटो : सोशल मीडिया
अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए शिक्षक के घर लाखों की चोरी हो गई। ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपए के गहने तथा नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 7 ज्योति पेट्रोल पंप के पीछे टीचर कॉलोनी में चोर गिरोह ने शासकीय शिक्षक सुधीर सक्सेना के सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों के गहने नगदी सहित कीमती सामान चुरा लिया। सुधीर सक्सेना अपनी पत्नी के साथ विवाह के कार्यक्रम में शुक्रवार को रीवा गए थे। इसके बाद शनिवार की दरमियानी रात को चोरों द्वारा रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, जिसमें सामने से चोरों ने घर के दो दरवाजे के ताले तोड़ते हुए कमरों के भी तीन अलमारी के ताले तोड़े हैं। घर में रखे सोने चांदी के कीमती गहने व अन्य सामानों की चोरी कर ले गए। शाम 5 बजे के लगभग सुधीर सक्सेना परिवार सहित रीवा से वापस आए और घर के अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान फैला रहा था। साथ ही कई अलमारी के ताले टूटे पड़े थे। पुलिस छानबीन कर रही है।