जिले के चचाई थाना क्षेत्र में मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या प्रतीत हो रहा था लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की तफ्तीश के बाद हत्या का खुलासा हुआ।
गौरतलब है कि 25 मार्च को ग्राम पंचायत बकही के सरपंच पति ने सूचना दी कि महादेवरा मंदिर के पास पहाड़ी पर जंगल में एक महिला का सड़ा-गला शव पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही चचाई पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मृत्यु गला घोंटने से हुई है।
मृतका की पहचान होने के बाद परिजनों से पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि मृतका का प्रेम संबंध रामपुर निवासी 27 वर्षीय सतेंद्र गुप्ता उर्फ संगम से था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया।
ये भी पढ़ें: Dewas News: फिल्म के बाद शुरू हुआ असली थ्रिलर, सिनेमा हॉल से युवक-युवती को किडनैप कर ले गए आरोपी, दो गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 9 मार्च को उसने मृतका को मिलने के बहाने बुलाया और दोपहिया वाहन से सूनसान जंगल में ले गया। वहां आपसी विवाद के बाद उसने दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया और वहां से फरार हो गया।
थाना चचाई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस की तत्परता से अंधी हत्या का मामला शीघ्र सुलझ गया।