मध्यप्रदेश में एक अध्यापक की पत्नी द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के समाने खुद पर केरोसीन डाल आत्मदाह करने की कोशिश के मामले में पति सुखदेव बेलेकर ने पुलिस पर पत्नी को पागल करार देने के लिये दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
अध्यापक सुखदेव का कहना है कि पुलिस घटना के बाद से ही लगातार उसे प्रताड़ित कर रही है। उसे धमकी दी जा रही है कि अगर पत्नी के पागल होने का सर्टिफिकेट नहीं दिया गया तो उसकी पत्नी गीताबाई के खिलाफ आत्महत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया जायेगा। साथ ही तुम्हारी नौकरी भी जायेगी।
सुखदेव बेलेकर ने सवालों के जवाब में बताया कि उनकी पत्नी मानसिक रूप से विक्षिप्त या पागल नहीं है। पुलिस की धमकी की वजह से परेशान होकर उसकी पत्नी ने दो दिन से खाना नहीं खाया है। अगर उसे कुछ होता है तो इसके लिए पुलिस प्रशासन जिम्मेदार होगा।
मालूम हो कि बैतूल जिले की भैंसदेही तहसील में गत 13 फरवरी को आयोजित अंत्योदय मेले में मुख्यमंत्री से मिलने जाने से रोकने पर एक अध्यापक की पत्नी ने खुद पर केरोसीन डाल दिया था। महिला ने यह प्रयास राज्य में अध्यापकों को समान कार्य के लिये समान वेतन दिये जाने की मांग के लिये किया था।
इस घटना की जानकारी के बाद से अध्यापक संविदा संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय अध्यक्ष मुरलीधर पाटीदार पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने अध्यापक की पत्नी को परेशान करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रांतीय अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि अगर अध्यापक की पत्नी को प्रताड़ित करना बंद नहीं किया जाएगा तो प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे। ऐसे में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में उनके सामने अध्यापक की पत्नी द्वारा आत्महत्या का कोशिश करने के मामले ने पुलिस प्रशासन के लिए परेशानी खड़ी कर दी है।