राजगढ़ विधायक बापू सिंह तंवर ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाए हैं।
- फोटो : सोशल मीडिया
राजगढ़ जिले में 13 जून को भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ राजगढ़ के मोहनपुरा डैम पर आयोजित होने वाले किसान कल्याण महाकुम्भ व अन्य लोकार्पण कार्यक्रम में आ रहे हैं। इसके लिए प्रदेश सहित जिला प्रशासन मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओ में जुटा है। इधर कांग्रेस विधायक ने प्रदेश सरकार पर जनता के पैसे बर्बाद करने का आरोप लगाया है।
सोमवार को राजगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक बापू सिंह तंवर ने प्रेस वार्ता का आयोजन करते हुए शिवराज सरकार के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर विभिन्न गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजगढ़ की धरा पर आए और उन्होंने जिले की बढ़ी सिंचित परियोजना मोहनपुरा वृहद सिंचाई परियोजना का उद्घाटन किया था, लेकिन उसी की नहरों के लिए दोबारा से कार्यक्रम करने का यह सिलसिला केवल जनता के पैसे की बर्बादी है। ये दौरा फायदेमंद जब होता जब पीएम राजगढ़ जिलेवासियों के लिए 20 से 25 करोड़ का पैकेज देकर जाते और वह इंडिस्ट्री बनकर तैयार हो जाती और जिले के लोगो को रोजगार मिलता।
साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना को लेकर कहा कि जब बहनों के खातों में पैसा डाल दिया गया है और उसका लाइव प्रसारण किया जा रहा है तो हर जगह कार्यक्रम आयोजित करने का क्या औचित्य है। केवल टेंट वाले, जो इनके कांट्रेक्टर हैं, उन्हें फायदा पहुंचाने का काम किया जा रहा है। लाडली बहनों की इतनी चिंता थी तो पिछले 18 वर्षों से क्या कर रहे थे। चुनाव के वक़्त में ही सब कुछ याद आ रहा है। राजगढ़ जिले के भाजपा नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि,भाजपा के लोग अपने बड़े नेताओं से जिले के लिए कोई मांग नही करते, क्योंकि वो डरते हैं कि यदि कुछ मांग की तो उनका टिकट कट जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके पूर्व जब पीएम मोदी राजगढ़ आए थे। तब भी मुझे ही फायदा हुआ था और अब भी मुझे ही फायदा होगा। ये चाहें कितने ही बढ़े इवेंट कर लें राजगढ़ जिले की पांचों विधानसभाओं में कांग्रेस पार्टी आ रही है।