शाजापुर जिले के जवादी चौमा गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में हुई चोरी की घटना को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा अब सड़कों पर फूट पड़ा। चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को आगर–सारंगपुर मुख्य मार्ग पर बैठकर सुंदरकांड पाठ किया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि जवादी का हनुमान मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कुछ दिन पहले अज्ञात चोर मंदिर में घुसकर कीमती सामान चोरी कर ले गए थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।