मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में कब्र से बुजुर्ग के शव को निकालकर पीएम कराने का मामला सामने आया है। परिजनों ने हत्या का संदेह जताकर शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस ने कब्र खोदकर शव निकाला। बताया जा रहा है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक संदिग्ध को भी हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार मामला छिंदवाड़ा जिले के कुंडीपुरा के ग्राम पखड़िया का है। कुंडीपुरा थाना प्रभारी राकेश भारती ने जानकारी देते हुए बताया कि पखड़िया इलाके के रहने वाले 65 वर्षीय सूरजलाल भलावी की 27 अगस्त की रात घर पर ही मौत हो गई थी। परिजनों ने 28 अगस्त को अंतिम संस्कार कर दिया था। लेकिन पीठ और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान देखे गए थे। इसके बाद परिजनों ने संदेह जताया था कि सूरजलाल की हत्या हुई है। उन्होंने मौत के एक दिन पहले उनसे गांव के एक युवक द्वारा मारपीट किए जाने की बात भी कही थी।
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया की। 29 अगस्त को पुलिस की मौजूदगी में शव को कब्र से निकाला गया। पुलिस ने शव परीक्षण के लिए भिजवाया। पीएम रिपोर्ट में भी मारपीट की बात सामने आई है। शरीर पर मिले चोट के निशान मारपीट के बताए गए। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग से मारपीट करने वाले एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।