मध्य प्रदेश के धार जिले के कुक्षी में जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) की ओर से आयोजित किसान महापंचायत में हिस्सा लेने आये बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने कहा कि राजनीति छोड़ने के बाद से उन्होंने कभी किसी राजनीतिक गतिविधि में हिस्सा नहीं लिया।
किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए गोविंदा ने कहा कि मैं किसी राजनीतिक आंदोलन में नहीं आया हूं। जबसे राजनीति छोड़ी है, तबसे किसी राजनीतिक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया है।’’ कांग्रेस के सांसद रह चुके अभिनेता ने कहा, ‘‘आदिवासियों के प्रेम से बुलाने पर यहां आया हूं। वैसे मुझे खूब सम्मान मिलता रहा है, लेकिन जो प्रेम और स्वागत सत्कार आपने दिया, उसको मैं कभी नहीं भुला पाऊंगा।’’
गोविंदा ने इस दौरान अपनी दो आगामी फिल्मों ‘रंगीला राजा’ और ‘फ्राईडे’ का प्रमोशन किया तथा उपस्थित लोगों की मांग पर ठुमके भी लगाये। ‘फ्राईडे’ फिल्म 12 अक्टूबर को सिनेमाघरो में प्रदर्शित होगी। इस अवसर पर जयस के राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. हीरालाल अलावा ने कहा, ‘‘मध्यप्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में जयस 80 सीटों पर अपना उम्मीदवार मैदान में उतारेगी।’’