पीड़ित घनश्याम गुप्ता की हार्डवेयर की दुकान में हुई थी लूट
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में लगातार लूट और चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में प्रशासन उन पर अंकुश लगाने के लिए तरह-तरह के प्रभावी और नए कदम उठा रहा है। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) शहडोल ने 30,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि जो रामपुर में हुई लूट की जानकारी देगा और बदमाशों को पकड़वाने में मदद करेगा, उसे 30,000 रुपयों का इनाम दिया जाएगा।
पूरी घटना 28 फरवरी 2023 को रात करीब 10 बजे रामपुर गैरिज के पास घटी। जहां फरियादी घनश्याम गुप्ता के साथ हार्डवेयर की दुकान पर तीन अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट की थी। उसके बाद वे मौके से स्कूटी पर सवार होकर भाग गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना पाली ने लूटपाट का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उक्त घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक महोदय उमरिया ने अज्ञात आरोपियों के बारे में सूचना देने पर 10,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी। मामले की संवेदनशीलता के मद्देनजर अब अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक महोदय शहडोल जोन ने रकम बढ़ाकर इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अज्ञात आरोपियों के बारे में ऐसी सूचना जिससे आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सके, देने पर 30,000 रुपये का इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।