भिंड जिला मुख्यालय से 28 किलोमीटर दूर मेहगांव-मौ मार्ग पर कठवां गांव के समीप बुधवार को गहरी खाई में बस पलट जाने से पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि चालीस यात्री घायल हो गए। चार की हालत गंभीर होने पर इन्हें उपचार के लिए ग्वालियर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुधवार को मेहगांव-धोरका यात्री बस क्रमांक एमपी 07 टी 0118 सुबह मेहगांव आ रही थी। इसी दौरान मौ मार्ग पर ग्राम कठवां के पास अचानक बस पलट जाने से उसके नीचे दब कर रामकरन (45), रामगणेश (16), निशा सोलंकी (17), आज्ञाराम जाटव (17) , हिम्मत कुशवाह (30) की मौके पर ही मौत हो गई।
रामकरन और राम गणेश पिता- पुत्र थे। सभी मृतक मेहगांव क्षेत्र के ही निवासी थे। दुर्घटना में बस में सवार 40 अन्य यात्री भी घायल हुए हैं।
बताया जाता है कि बस सुबह धोरका से मेहगांव आने के लिए निकली तो इसमें करीब 75 यात्री सवार थे, जिससे बस चालक को ड्राइविंग करने में परेशानी आ रही थी, इस कारण उसका संतुलन बिगड़ गया तथा बस गहरी खाई में जा गिरी।