राजधानी भोपाल के केरवा डेम में गुरुवार को 3 नाबालिगों की डूबने से मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रातीबढ़ थाना पुलिस के अनुसार निशांत जैन, मोहित और शुभम अपने एक अन्य दोस्त के साथ केरवा डेम पिकनिक मनाने गए थे। इन सभी की उम्र 17 से 18 साल के बीच है। यह तीनों दोपहर 3.30 बजे केरवा डेम में नहाने के लिए उतर गए और इनका एक दोस्त बाहर खड़े होकर देख रहा था। कुछ ही देर में तीनों डेम के सबसे गहराई वाली जगह में पहुंच गए, जहां वह डूबने लगे। किनारे खड़े उनके दोस्त ने उनको बचाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन लोगों के मदद करने पहुंचने से पहले ही तीनों डेम में डूब गए। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और गोताखोरों की मदद से तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तीनों की मौत हो चुकी थी। जानकारी के अनुसार बच्चे घर से कुछ देर में आने की बात कहकर निकले थे। मृतक मोहित और शुभम 7 नंबर के रहने वाले थे। वहीं, निशांत जैन एमपी नगर जैन मंदिर के पास रहता था। वह तीन बहनों का एकलौता भाई था।