छिंदवाड़ा में अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित बीएसएनएल एक्सचेंज ऑफिस में चोरी की वारदात से हडक़ंप मचा हुआ है। दरअसल, हाईटेक चोरों ने दो रात में चार आफिसों में धावा बोलकर लाखों रुपये के कीमती उपकरण चोरी कर लिए। इसे लेकर दूरसंचार विभाग की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
दो रातों में सिल्लेवानी, बोरगांव, लिंगा और सोनाखार में हुई चोरी
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने शनिवार रात में सिल्लेवानी और बोरगांव एक्सचेंज ऑफिस में दरवाजा तोड़कर वहां रखे 2G उपकरण, कार्ड, मदरबोर्ड और अन्य उपकरण चोरी कर लिए। गौर करने वाली बात यह है कि चोरों ने एक दिन पहले सिल्लेवानी और बोरगांव में इस वारदात को अंजाम दिया। जबकि दूसरी रात सोनाखार और लिंगा के एक्सचेंज ऑफिस से भी चोरों ने इन उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया। फिलहाल सारे मामले में बीएसएनएल के एसडीओ रोहित माइकल ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानिए क्या होते हैं 2G उपकरण
बीएनएसएनएल के एसडीओ रोहित माइकल के मुताबिक, 2G उपकरण (इक्विपमेंट) की लैंडलाइन और मोबाइल टावर के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में इन सभी उपकरणों की चोरी होने से लगभग एक हजार से ज्यादा बीएसएनएल उपभोक्ता प्रभावित हो सकते हैं। चारों बीएसएनएल एक्सचेंज से चुराए गए सभी उपकरणों की अनुमानित कीमत ढाई से तीन लाख बताई जा रही है। फिलहाल इस वारदात को अंजाम देने वाले चोरों की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है।