दमोह जिले में सुनार नदी से एक मगरमच्छ रेंग कर पास के ही एक गांव में एक व्यक्ति के घर में रविवार रात घुस गया जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, बाद में इसे गांव वालों ने रस्सी से बांध दिया और सड़क पर रख दिया। इसके बाद वनकर्मियों ने पुलिस की मदद से सोमवार को इसे वापस उफनती हुई सुनार नदी में सुरक्षित छोड़ दिया।
हिंदोरिया पुलिस थाना प्रभारी विजय मिश्रा ने बताया कि वन अधिकारियों ने करीब 10 फुट लंबे मगरमच्छ को आज सुबह सुनार नदी में छोड़ दिया। वहीं, घाट पिपरिया गांव के सरपंच रोहित जैन ने बताया कि यह मगरमच्छ रविवार रात को पिपरिया गांव स्थित कांधी लाल के घर में घुस गया था। उन्होंने कहा कि इसके बाद हमने वन अधिकारियों और पुलिस को इसकी जानकारी दी। लेकिन जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद इसे रस्सियों से बांध दिया था और सड़क पर रख दिया था।