सतांव (रायबरेली)। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम ऑटो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
चंदवल गांव निवासी रामदास (55) होमगार्ड विभाग में कार्यरत हैं। उनकी बेटी का बृहस्पतिवार को तिलक चढ़ने जाना है। शाम करीब पांच बजे रामदास कपड़े की खरीदारी करने के लिए बेटे शैलेंद्र (26) के साथ गुरुबख्शगंज कस्बा जा रहे थे। ढकिया चौराहा के पास सामने से आ रहे ऑटो की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। गंभीर अवस्था में दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शैलेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद चालक ऑटो लेकर भाग निकला। मृतक युवक हेलमेट लगाए हुए थे। युवक की मौत से शादी की खुशियां गम में तब्दील हो गईं। थाना प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।