प्रदेश के नगर निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों के रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। आगामी 3 दिसंबर तक नामांकन के बाद 4 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। छह दिसंबर को नामांकन पत्रों को वापस लिया जाएगा। उपचुनाव का मतदान 17 दिसंबर को होगा, जबकि मतगणना 19 दिसंबर को होगी।
बता दें कि राज्य निर्वाचन आयुक्त के मुताबिक गाजियाबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 19 और 21, मेरठ में वार्ड संख्या 76 तथा शाहजहांपुर में वार्ड संख्या 12 में पार्षद का उपचुनाव होना है। वहीं चंदौली में नगर पंचायत सैयदराजा, बांदा में नगर पंचायत बबेरू में अध्यक्ष पद का, जबकि प्रतापगढ़ में बेल्हा तथा लखीमपुर खीरी में पलियाकला नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव होना है।
इसके अलावा 19 जिलों में नगर पंचायत और नगर पालिका परिषद के सदस्यों के रिक्त पदों पर उपचुनाव होना है। नगर पंचायत में सदस्य के रिक्त पदों के लिए लखनऊ में अमेठी, बरेली में नवाबगंज, रिठौरा और रिछा, सीतापुर में महौली, पैंतपुर, कौशांबी में सराय अकिल, अझुवा में उपचुनाव होना है।
इसी तरह नगर पालिका परिषद के सदस्य के रिक्त पदों के लिए शाहजहांपुर के जलालाबाद, बहराइच, हाथरस में सादाबाद, हरदोई में शाहाबाद व बिलग्राम, गोंडा में करनैलगंज, बांदा व अतर्रा, सीतापुर में महमूदाबाद, जौनपुर में मुंगरा बादशाहपुर और अमरोहा में उपचुनाव होगा।