लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर 12 अगस्त को युवा संसद का आयोजन होगा। कार्यक्रम में जनभवन की टीम, लखनऊ विश्वविद्यालय व ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के छात्र प्रतिभाग करेंगे। पंडित अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय सभागार में कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे कुलपति प्रो. जेपी पांडेय करेंगे। जनभवन के पीएसओ की टीम नाट्य मंचन व नृत्य प्रस्तुति देगी।
स्वतंत्रता सेनानियों को दी श्रद्धांजलि
लखनऊ। केंद्र सरकार के हर घर तिरंगा अभियान के तहत डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की एनएसएस इकाइयों की ओर से मंगलवार को महान स्वतंत्रता सेनानियों व राष्ट्रनायकों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में डॉ. विनय चतुर्वेदी, डॉ. गजेंद्र गुप्ता, आरजू गुप्ता, डॉ. नरेश चंद्रा, डॉ. प्राची समेत मैनेजमेंट, फार्मेसी व बीटेक छात्र उपस्थित थे।
एकेटीयू के पूर्व कुलपति के निधन पर दी गई श्रद्धांजलि
लखनऊ। एकेटीयू के पूर्व कुलपति प्रो. कृपा शंकर के आकस्मिक निधन पर मंगलवार को शोकसभा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी। कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभा में कुलसचिव रीना सिंह, वित्त अधिकारी केशव सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया, एफओएपी की प्राचार्या प्रो. वंदना सहगल आदि उपस्थित थे।