इस कोचिंग में आईएएस और पीसीएस भर्ती परीक्षा के लिए प्रशिक्षु आईएएस, आईपीएस, आईएफएस (वन सेवा) व पीसीएस अधिकारियों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसी तरह एनडीए और सीडीएस की परीक्षा के लिए प्राचार्य, यूपी सैनिक स्कूल द्वारा मार्गदर्शन किया जाएगा।
अधिकारियों के अलावा विभिन्न विषयों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ भी अतिथि व्याख्याता के तौर पर आमंत्रित किए जाएंगे। ऑनलाइन स्टडी मैटेरियल और लेक्चर भी उपलब्ध कराया जाएगा।
इस कोचिंग से प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए मुख्य परीक्षा की और बेहतर तैयारी के लिए यूपी प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी (उपाम) में कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी। नीट (मेडिकल तैयारी) और जेईई (इंजीनियरिंग तैयारी ) के लिए अलग से कोचिंग कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
प्रतियोगी अभ्यर्थियों को गुणवत्तापूर्ण स्टडी मैटेरियल उपलब्ध कराने के लिए मंडलायुक्त लखनऊ रंजन कुमार के निर्देशन में ई-लर्निंग कंटेंट प्लेटफार्म बनाया जा रहा है। इस पर अधिकारी परीक्षा की तैयारी संबंधी अपने अनुभव साझा करते हुए वीडियो अपलोड करेंगे।
इसमें लाइव सेशन व सेमिनार भी होंगे। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में एक टास्क फोर्स बनेगी जो प्रदेश सरकार और अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों के सहयोग से कक्षाओं का रोस्टर तैयार करेगी।