जामो (अमेठी) स्थानीय थाना क्षेत्र के कटारी में गुरुवार दोपहर धर्मांतरण कराने पहुंचे मिशनरी के लोगों ने गांव के ही एक युवक की पिटाई कर दी। इससे नाराज ग्रामीणों ने धर्मांतरण कराने पहुंचे दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
कटारी गांव के लोगों के अनुसार इस गांव में पिछले कई महीनों से मिशनरी के लोग सक्रिय हैं। इसकी सूचना लगातार पुलिस को दी जा रही है लेकिन पुलिस पूरे मामले में निष्क्रिय बनी है। गुरुवार दोपहर भी गांव निवासी राज किशोर के घर पर मिशनरी के लोग पहुंचे थे। यहां आयोजित प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में गांव व आसपास के लोग भी मौजूद थे। इसी बीच दतनपुर मजरे कटारी निवासी सिंपल सिंह अपनी दुकान पर जा रहे थे। भीड़ देखकर वे रुक गए। सिंपल ने पूछा कि यहां धर्म परिवर्तन किया जा रहा है। इतना सुनते ही मिशनरी के लोगों ने सिंपल को पीटना शुरू कर दिया।
सिंपल की चीख पुकार पर पहुंचे ग्रामीणों ने दो लोगों को दौड़ाकर पकड़ लिया जबकि अन्य भाग निकले। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। धर्मांतरण से जुड़े मामले में मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सिंपल को उपचार के लिए सीएचसी जामो भेजा। कटारी गांव के त्रिलोकी प्रसाद की तहरीर पर गांव के ही विजय कुमार एवं लौहर दक्षिण थाना धम्मौर जिला सुल्तानपुर के विपिन के खिलाफ मारपीट एवं धर्म परिवर्तन कराने का केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने बताया कि पकड़े गए दोनों लोगों के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जा रही है।