लखनऊ। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में मंगलवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यहां कुल सात निजी कंपनियां शामिल हुईं। इस दौरान देखने को मिला कि युवाओं के पास भले ही डिप्लोमा और डिग्री थी, लेकिन उनमें तकनीकी ज्ञान का अभाव होने के चलते संगम पोर्टल पर आवेदन करने में दिक्कतें हुईं।
रोजगार मेले में ऐसे भी युवा शामिल हो रहे हैं, जिन्हें कंपनी और पद के बारे में जानकारी ही नहीं है लेकिन नौकरी के लिए अधिकारियों से अर्जी लगा रहे हैं। सरोजनीनगर निवासी रोहन कुमार ने फ्लुएंटग्रिड प्राइवेट कंपनी में नौकरी के लिए सीवी जमा किया लेकिन नौकरी किस पद पर करनी है, इसके बारे में उन्हें पता ही नहीं था। आशियाना निवासी कमलेश स्नातक पास हैं, उनके हाथ में स्मार्टफोन भी था लेकिन संगम पोर्टल पर पंजीकरण नहीं कर पा रहे थे। विभागीय कर्मचारियों के सहयोग से ऑनलाइन पंजीकरण हो सका।
प्लेसमेंट अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने बताया कि रोजगार मेले में सीवी जमा करने से पहले युवाओं को संगम पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करना जरूरी है। पोर्टल की वेबसाइट पर रोजगार से जुड़ी पंजीकरण से लेकर, कंपनी और पद का नाम समेत सभी जानकारियां हैं। बावजूद इसके तकनीकी ज्ञान की कमी के कारण कई युवा ऑनलाइन पंजीकरण भी नहीं कर पाए।
238 युवाओं को मिला नौकरी का प्रस्ताव
रोजगार मेले में विवींग, एसएलएमआई कंपनी, इंस्टा ह्यूमेंस फॉर सुजलॉन, ईडीयू वांटेज, पेटीएम और फ्लुएंटग्रिड प्राइवेट कंपनियां शामिल हुईं। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक सूर्यकांत कुमार ने बताया कि मीटर रीडर, टेक्नीशियन, सुपरवाइजर, क्यूसी इंचार्ज व अन्य पदों पर कुल 238 युवाओं को नौकरी का प्रस्ताव मिला।