कमरे में अचेत मिला युवक, अस्पताल में मौत
लखनऊ। चिनहट के अपट्राॅन इलाके में स्थित भारत इंजीनियरिंग कंपनी के कर्मचारी राजेश मिश्रा (41) बुधवार सुबह कंपनी परिसर में बने कमरे में अचेत मिले।
सूचना पर परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र के अनुसार, मूलरूप से बाराबंकी के अल्लापुर निवासी राजेश मिश्र काफी समय से कंपनी में काम कर रहे थे। वह परिसर में ही बने कमरे में रहते थे।
उनके बेटे शिवम ने बताया कि बुधवार सुबह आठ बजे कंपनी से खबर मिली थी कि पिता अचेत हालत में कमरे में पड़े हैं। इंस्पेक्टर का कहना है कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की सही वजह पता चल सकेगी। परिवार में पत्नी बिट्टू, पांच बेटियां व एक बेटा है।