महाकुंभ पर अभद्र टिप्पणी के विरोध पर युवक को पीटा
लखनऊ। महाकुंभ पर अभद्र टिप्पणी के विरोध पर मीट दुकानदार व उसके दो साथियों ने मिलकर इंदिरानगर के सुग्गामऊ निवासी अभय पंडित को बेल्ट व डंडे से पीट दिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पीड़ित के बड़े भाई नवीन की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नवीन ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर छोटा भाई अभय मोहल्ले की ही दुकान पर चाय पीने गया था। बगल में सुग्गामऊ के अरमान की मीट की दुकान है। अरमान व उसके दो साथियों कैफ व गोंडा निवासी आफताब ने महाकुंभ पर आपत्तिजनक बात कही। विरोध पर अभय से मारपीट करने लगे। वह जान बचाकर भागा तो आरोपी पीछा करते हुए आ गए। उसे घर से घसीटकर बेल्ट, डंडे व लात-घूसों से पीटा। विरोध पर उनके परिजनों के साथ अभद्रता की। अभय को घसीटकर मैदान में ले जाकर मारपीट की और धमकी देते हुए चले गए।
इंदिरानगर पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
नवीन का आरोप है कि शिकायत पर पुलिस ने तीन बार तहरीर बदलवाई। इसके बाद शुक्रवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि तफ्तीश की जा रही है। इंस्पेक्टर इंदिरानगर सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि मामला अभद्र टिप्पणी का न होकर छेड़छाड़ का है। अभय पर छेड़खानी का आरोप था। इसके चलते ही तीनों ने मारपीट की थी।