लखनऊ में अमीनाबाद के भूसामंडी में पड़ोसी की छत पर दौड़ रहे करंट की चपेट में आकर एमकॉम की छात्रा रिचा केसरवानी (22) की मौत हो गई। वह सोमवार सुबह योग करने छत पर गई तो पड़ोसी की छत तक तार बंधी पतंग पड़ी दिखी। उसने जैसे ही पतंग हटाने को तार छुआ, उसे तेज करंट लगा। परिवारीजनों ने पड़ोसी के खिलाफ तहरीर दी है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रिचा कौशांबी के सिराथू की रहने वाली थी और बचपन से भूसामंडी स्थित ननिहाल में रह रही थी। उसके मामा पवन ने कहा कि वह अवध कॉलेज से एमकॉम प्रथम वर्ष की पढ़ाई करने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग कर रही थी।
15 सितंबर को उसकी यूपीटीयू की परीक्षा थी। वह रोजाना सुबह छत पर योग और कसरत करती थी। सोमवार सुबह करीब साढे़ छह बजे वह छत पर पहुंची तो तार बंधी पतंग पड़ी देखी। रिचा ने उसे हटाने को जैसे ही तार छुआ, उसे तेज झटका लगा।
वह चीखते हुए छत से नीचे सीढ़ियों की ग्रिल पर गिर पड़ी। शोर सुनकर मामी राधिका दौड़ी तो उसे ग्रिल पर पड़ा देख होश उड़ गए। रिचा के दूसरे मामा देवेंद्र व अन्य परिवारीजन भी आ गए। रिचा को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।