किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) की ओपीडी में जल्द नंबर लगवाने के नाम पर वसूली हो रही है। मंगलवार को इसके लिए 400 रुपये की मांग करते संविदा कर्मचारी का वीडियो वायरल हुआ। केजीएमयू प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
वायरल वीडियो न्यूरोलॉजी विभाग की ओपीडी का है। केजीएमयू के प्रवक्ता प्रो. सुधीर सिंह के मुताबिक वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति न्यूरोलॉजी विभाग में आईसीएमआर के प्रोजेक्ट में संविदा के आधार पर तैनात है।
ये भी पढ़े- आईटी ऑफिस में मारपीट: असिस्टेंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्र किए गए निलंबित, बंगाल-सिक्किम क्षेत्र से संबद्ध किया
इतनी भीड़... चार घंटे बाद आता है नंबर
केजीएमयू की ओपीडी में रोजाना करीब छह से सात हजार मरीज आते हैं। न्यूरोलॉजी समेत कई ओपीडी में बारीक जांच करने पर काफी समय लगता है। कई बार मरीजों को चार-चार घंटे तक इंतजार करना पड़ जाता है। इसका फायदा उठाने के लिए दलाल सक्रिय हो जाते हैं। कर्मचारियों से मिलीभगत कर कुछ मरीजों को पहले दिखवा लेते हैं। इसके एवज में वसूली करते हैं। वहीं, भीड़ से बचने के लिए मरीज व तीमारदार भी दो-चार सौ रुपये देने में संकोच नहीं करते हैं। इससे दलालो के हौसले बढ़ जाते हैं।
ये भी पढ़े- Lucknow: जानकीपुरम के जानकी विहार कॉलोनी में हॉस्टल के युवकों का उपद्रव, गाड़ियां तोड़ी, कई घायल
केजीएमयू के प्रवक्ता प्रो. सुधीर सिंह ने बताया कि सत्यता जांची जा रही है। इसमें नजर आया व्यक्ति न्यूरोलॉजी विभाग में चल रहे प्रोजेक्ट में संविदा के आधार पर कार्यरत है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।