मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुंदेलखंड में बनने जा रहे डिफेंस कॉरिडोर में निवेश के लिए रूस के निवेशकों को आमंत्रित किया है। इसके लिए अलग से एक प्रतिनिधिमंडल रूस भेजा जाएगा।
सीएम ने तीन दिन के रूस दौरे के बारे में बुधवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि दोनों सरकारों व दोनों देशों के उद्यमियों के बीच 60 एमओयू हुए हैं। रूस और भारत मिलकर विकास की नई ऊंचाइयों को हासिल कर सकते हैं। इसलिए हमने वहां के निवेशकों को डिफेंस कॉरिडोर में निवेश के लिए न्यौता दिया है।
फ्रांस, जापान, कोरिया व जर्मनी के निवेशकों को भी आमंत्रित करें
सीएम ने देर शाम अपने आवास पर अफसरों के साथ बैठक के दौरान डिफेंस कॉरिडोर में निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल रूस, फ्रांस, जापान, कोरिया और जर्मनी भेजने के निर्देश दिए।