यूपी में पर्यटन और उद्योग क्षेत्र में पंख लगाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का जोर हवाई सेवाओं के सुधार पर है। प्रदेश की सरकार ने केंद्र से जेवर अंतर्राट्रीय हवाई अड्डे समते सूबे के तमाम प्रमुख शहरों में हवाई सेवा के विस्तार की मांग की है।
बताया जा रहा है कि प्रदेश की योजनाओं पर चर्चा के लिए केंद्रीय उड्डयन राज्यमंत्री ज्यंत सिन्हा लखनऊ पहुंचकर योगी से मुलाकात करेंगे। इससे पहले गुरूवार को यूपी के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के नेतृत्व में यूपी के उड्डयन मंत्री नंद गोपाल नंदी ने केंद्रीय राज्य मंत्री ज्यंत सिन्हा से मुलाकात की है।
सिन्हा से मुलाकात के बाद सिद्धार्थ नाथ ने बताया कि केंद्र सरकार से लंबित पड़े जेवर हवाई अड्डे की परियोजना की समीक्षा की मांग की है। इस परियोजना को शुरू किए बिना दिल्ली की हवाई समस्या दूर नहीं की जा सकती है। आने वाले दिनों में दिल्ली के अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर और दबाव बढ़ेगा।
यूपीए सरकार के समय से यह परियोजना लंबित पड़ी हुई है। दिल्ली हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी जीएमआर जेवर में प्रस्तावित हवाई अड्डे का विरोध कर रही है।