उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। कानपुर के बिकरू गांव में गुरुवार रात को हुए हमले में आठ पुलिसकर्मियों की मौत के बाद प्रदेशभर के अपराधियों की शामत आ गई है। दर्दनाक घटना के बाद कानपुर प्रशासन ने हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के घर को गिरा दिया था। उसके बाद पिछले दो दिनों से पुलिस शातिर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संपत्ति कुर्क कर रही है।
जिन बदमाशों की संपत्ति कुर्क की गई है उनमें नोएडा के सुंदर भाटी, मैनपुरी में नीरज यादव और लखीमपुर में वेदू उर्फ वेद प्रकाश जैसे बड़े बदमाश शामिल हैं, इन बदमाशों की करोड़ों की संपत्तियों को प्रशासन ने जब्त कर लिया है। फिलहाल कार्रवाई जारी है।
अनिल दुजाना गैंग के सुमित की बीएमडब्ल्यू और ऑडी की जब्त
सुंदर भाटी, अनिल दुजाना और रणदीप भाटी समेत जिले के अन्य सभी गैंगस्टर की और भी संपत्ति चिन्हित की जा रही है। पुलिस जल्द ही इन्हें जब्त करने की बड़ी कार्रवाई करेगी। सूत्रों का कहना है कि अधिकांश बड़े गैंगस्टर ने दूसरे शहरों में भी बड़ी संपत्तियां स्थापित कर लीं। इन पर पुलिस की नजर है।
कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की शहादत और सीएम के सख्त निर्देश के बाद गैंगस्टर की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई में फेज-2 थाना पुलिस ने सोमवार रात अनिल दुजाना गैंग के दुजाना गांव निवासी सुमित नागर की बीएमडब्ल्यू कार जब्त करने की कार्रवाई की। वहीं, बादलपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को सुमित की ऑडी जब्त की।
पुलिस को जानकारी मिली है कि अधिकांश बड़े गैंगस्टर पुलिस से बचने के लिए जिले से बाहर दिल्ली-एनसीआर व अन्य क्षेत्रों में अवैध रूप से अर्जित किए गए धन से संपत्ति जमा कर चुके हैं। पुलिस इन संपत्तियों को भी चिन्हित करने में जुट गई है। ग्रेटर नोएडा जोन के डीसीपी राजेश कुमार सिंह और सेंट्रल जोन के डीसीपी हरीश चंदर ने बताया कि बड़े गैंगस्टर पर कार्रवाई जारी रहेगी। इसके लिए पुलिस योजना बनाकर काम कर रही है।
लखीमपुर खीरी में शराब माफिया की संपत्ति जब्त करने के लिए चलाया बुलडोजर
कानपुर हत्याकांड के बाद पुलिस ने जिले के अपराधियों पर शिकंजा कस दिया है। मंगलवार को एसपी पूनम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल ने सांसिया कॉलोनी में छापा मारकर शराब माफिया वेदप्रकाश उर्फ वेदू की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
जेसीबी मशीन से टिनशेड ध्वस्त करने के साथ ही ट्रैक्टर व कुछ अन्य चीजें कब्जे में ले लीं। मौके पर हजारों लीटर लहन व शराब नष्ट कर दी गई। एसपी ने बताया कि मकान को सील किया जाएगा। मौके पर मिले वेदू के दामाद ठाणे (महाराष्ट्र) निवासी रोहित सिंह और बेटे अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मैनपुरी: गैंगेस्टर नीरज यादव का मकान किया कुर्क
अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन क्लीन एक बार फिर से शुरू हो चुका है। मंगलवार को मैनपुरी एसपी की मौजूदगी में गांव शाहजहांपुर निवासी गैंगस्टर नीरज के मकान को कुर्क किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। हिस्ट्रीशीटर का घर अब प्रशासन के कब्जे में आ चुका है।
थाना क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर निवासी गैंगेस्टर नीरज यादव एक समय पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। वर्ष 2017 में एक बार पुलिस जब उसे पकड़ने गई थी तो उसने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। हमले में एक दरोगा व सिपाही घायल हो गए थे। नीरज पर विभिन्न थानों में करीब 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, हत्या आदि के मामले शामिल हैं।
सोमवार को नीरज यादव के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया गया। मंगलवार को एसपी अजय कुमार पांडेय बड़ी संख्या में पुलिसबल के साथ गांव पहुंच गए। एसपी की मौजूदगी में हिस्ट्रीशीटर के घर को कुर्क किए जाने की कार्रवाई की गई। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान गांव छावनी बना रहा। पुलिस ने गलियों में गश्त करके स्थिति का भी जायजा लिया। एसपी ने गांव वालों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया।
कुर्क आवास की कीमत 60 लाख
एसपी ने कार्रवाई के बाद प्रेसवार्ता कर बताया कि नीरज यादव के आवास को सील कर दिया गया है। वहीं आवास के बाहर पुलिस तैनात की गई है। करीब 60 लाख कीमत का आवास कुर्क किया गया है। अन्य अवैध संपत्ति के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। नीरज व उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें बनाई गईं हैं। नीरज के गैंग को पूरी तरह से खत्म करेंगे। अपराधियों के प्रति किसी भी तरह की रियायत नहीं की जाएगी। अपराधियों का ठिकाना हर हाल में जेल की सलाखें होगा।