यूपी के बहराइच में मंगलवार को पूरे तराई क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के बीच बिजली विभाग की लापरवाही सामने आई है। बिजली विभाग के गैर जिम्मेदार रवैया के कारण घर के पास लगे ट्रांसफार्मर से हाई टेंशन लाइन में करंट उतर आया।
करंट लगने से मिहींपुरवा कस्बे निवासी एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रुप से झुलस गया। जानकारी के अनुसार मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के बीच मंगलवार को मोतीपुर थाना इलाके के ग्राम मिहींपुरवा के चिकमंडी मोहल्ला निवासी 56 वर्षीय इलियास पुत्र कादिर परिजनों के साथ अपने घर में बैठे थे।
लगभग 11:30 बजे बारिश के दौरान वह अपने घर के आंगन में लगे नल पर पानी लेने पहुंचे, इसी दौरान घर के पास लगे ट्रांसफार्मर की हाईटेंशन लाइन के कारण घर में उतरे करंट की चपेट में आ गए। वहीं, ससुर को करंट लगा देख उन्हें बचाने दौड़ी 30 वर्षीय बहू साकरुन पत्नी इश्तियाक और 35 वर्षीय लड़के मोनू पुत्र इलियास भी करंट की चपेट में आ गए।
करंट की चपेट में आने से तीनों बुरी तरह झुलस गए। चीख-पुकार सुन दौड़े आस-पड़ोस के लोगों ने बांस के लट्ठे के सहारे से तीनों लोगों को करंट की चपेट से दूर किया। गंभीर रूप से झुलसे तीनों लोगों को गंभीर अवस्था में प्राथमिक उपचार के लिए पास स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर ले गए।