सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में अयोध्या तथा अनूपशहर में बस स्टेशनों के लिए निशुल्क भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव मंजूर कर लिए गए।
परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने बताया कि अयोध्या में निर्माणाधीन सांस्कृतिक मंच के समीप स्थित बस स्टेशन के क्षमता विस्तार एवं निर्माण कार्य के लिए संस्कृति विभाग की भूमि परिवहन विभाग को निशुल्क उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया था। अयोध्या के गांव मांझा बरहटा की 3.6426 हेक्टेयर (9.0011 एकड़) संस्कृति विभाग की भूमि को परिवहन निगम को निशुल्क हस्तांतरित करने का प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया है।
बस स्टेशन के विस्तार से अयोध्या में श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं यात्रियों के लिए बसों का संचालन सुगम और सुदृढ़ होगा। इससे परिवहन निगम को और अधिक राजस्व की प्राप्ति होगी। अयोध्या से गोरखपुर, आजमगढ़, बलिया, प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, श्रावस्ती एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों के लिए जनता को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
एनएच 330 से अयोध्या एयरपोर्ट तक बनेगा फोरलेन रोड
कैबिनेट ने अयोध्या-सुल्तानपुर मार्ग (एनएच-330) से एयरपोर्ट तक चार लेन सड़क निर्माण के लिए पीसीयू मानक में ढील देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना की लागत 20.17 करोड़ रुपये आंकी गई है। अयोध्या में एनएच-330 के किमी-140 से दायीं ओर एक रास्ता एयरपोर्ट को जाता है। यहां नए मार्ग का निर्माण होना है।
इसकी लंबाई डेढ़ किमी है। श्रीराम जन्मभूमि पर प्रस्तावित मंदिर के निर्माण हो जाने पर देश-विदेश से आने वाले वीआईपी और श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाएगी। वर्तमान में इस मार्ग पर यातायात नहीं है। वहीं, चार लेन के सड़क के लिए पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) का न्यूनतम मानक 18,000 है। इसलिए इस मानक को शिथिल किए जाने के लिए प्रस्ताव लाया गया था।