मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बेटियों की शिक्षा व सुरक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। गरीब परिवारों की बेटियों को भी आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। अब बेटी की सुरक्षा को लेकर किसी परिवार को चिंता करने की जरूरत नहीं है। अपराधियों के लिए जेल का रास्ता तय है। सरकार गरीबों के घर में मुफ्त राशन पहुंचा रही है। पहले पूर्वांचल के कई जिलों में बीमारी और कुपोषण के कारण गरीब परिवारों के सामने गंभीर संकट रहता था। आज स्वास्थ्य सुविधाओं और सरकारी योजनाओं के कारण स्थिति में बड़ा बदलाव आया है।
कांग्रेस-सपा ने युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया
सीएम योगी ने कांग्रेस व सपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कांग्रेस को देश में लंबे समय तक और सपा को उत्तर प्रदेश में चार बार सरकार बनाने का अवसर मिला। इन दोनों दलों ने युवाओं के लिए ऐसा किया ही क्या, जिससे युवा इनके साथ जुड़ें। इन लोगों ने प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश का युवा प्रदेश के बाहर अपनी पहचान बताने से बचता था। सपा सरकार के समय हर जिले में माफिया को संरक्षण मिला हुआ था। थानों व तहसीलों तक माफिया का प्रभाव था। जमीनों पर कब्जे के लिए लैंड माफिया सक्रिय थे और अपराधियों की समानांतर सत्ता प्रदेश की पहचान बन गई थी।
जाति-क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांट रही सपा-कांग्रेस
सीएम योगी ने कांग्रेस-सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल नकारात्मक राजनीति नहीं छोड़ रहे। जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास जारी है। जिन वजहों से देश गुलाम हुआ, कांग्रेस-सपा के नेता फिर उसी रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। सीएम ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम, मंगल पांडेय, धन सिंह कोतवाल, रानी लक्ष्मीबाई, पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह व अशफाक उल्ला खान जैसे बलिदानियों का स्मरण कराते हुए कहा कि युवा पीढ़ी इन महान क्रांतिकारियों के त्याग व बलिदान को जाने-समझे तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
काकोरी ट्रेन एक्शन के क्रांतिकारियों को नमन
मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 अगस्त का दिन इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण है। वर्ष 1925 में इसी दिन काकोरी में क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों के सरकारी खजाने को ट्रेन से ले जाते समय अपने कब्जे में लिया था। इस धन का उपयोग स्वतंत्रता के संघर्ष को मजबूत करने के लिए किया गया। पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खान, चंद्रशेखर आजाद, राजेंद्र लाहिड़ी और शचींद्र नाथ बक्शी जैसे क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। अंग्रेजों ने इस घटना को 'डकैती' कहा था। पीएम मोदी जी ने इस ऐतिहासिक घटना को 'काकोरी ट्रेन एक्शन' नाम से सम्मान देने का काम किया। आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहे लोगों ने हमारे महान क्रांतिकारियों को उचित सम्मान नहीं दिया। सुखदेव, राजगुरु और वीर सावरकर जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों को भुलाने का प्रयास किया गया। तमाम सरकारी संस्थाओं व योजनाओं का नामकरण एक ही परिवार के नाम पर करने की प्रवृत्ति रही।
मुजफ्फरनगर में सीएम योगी ने कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा
- फोटो : अमर उजाला
सीएम ने कहा कि सपा सरकार कांवड़ यात्रा निकालने की अनुमति नहीं देती थी। भाजपा सरकार बनने पर तय किया गया कि कांवड़ यात्रा नहीं रुकेगी और शिवभक्तों को पूरी सुरक्षा मिलेगी। आज कांवड़ यात्रियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा हो रही है। मेरठ से हरिद्वार के बीच बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री शांतिपूर्वक यात्रा कर रहे हैं। यह बदले उत्तर प्रदेश की तस्वीर है, जहां आस्था, सुरक्षा और विकास साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं। पहले प्रदेश में आए दिन दंगे-उपद्रव होते थे, लेकिन पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। बेटियों व व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यूपी में हर जिले में मेडिकल कॉलेज
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 'एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज' की दिशा में तेजी से काम किया है। सिद्धार्थनगर में मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार है और उसका संचालन हो रहा है। पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 83 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। सरकार की इच्छाशक्ति हो तो विकास के बड़े कार्य संभव हैं। सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया है, ताकि पूर्वांचल के सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर और बस्ती जैसे जिलों में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।