मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राहुल को सिर्फ इटली की चिंता रहती है अमेठी की याद नहीं आती है। कांग्रेस राज में कहीं दामाद ने तो कहीं पुत्र ने जमीनें कब्जाईं, लेकिन यूपी में ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। अमेठी में साइकिल कारखाने के लिए दी गई जमीन को राजीव गांधी फाउंडेशन को नहीं हड़पने देंगे।
योगी आदित्यनाथ ने अमेठी संसदीय क्षेत्र में स्थित कौहार में विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण/ शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में अमेठी में साइकिल कारखाना लगाने के लिए किसानों की जमीन ली गई थी। यह जमीन क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा करने की नीयत से दी गई थी।
अब यह जमीन राजीव गांधी फाउंडेशन हथियाना चाहता है। जिसके मुख्य कर्ताधर्ता राहुल गांधी हैं। योगी ने कहा कि किसानों की जमीन किसी के परिवार की बपौती नहीं बनने देंगे। कांग्रेस राज में कहीं दामाद ने तो कहीं पुत्र ने जमीनें कब्जाईं लेकिन, यूपी में अब ऐसा नहीं चलेगा। यह भी जांच होनी चाहिए कि फाउंडेशन को दिया जाने वाला पैसा जाता कहां हैं।