अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए श्रीश्री रविशंकर की पहल को समर्थन के सवाल पर योगी ने कहा कि वे न तो इसका समर्थन करते हैं, न विरोध। समझौते से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण की बात 1983 से हो रही है, लेकिन हमेशा दोनों में से एक पक्ष भाग खड़ा होता है। अब, जब सुप्रीम कोर्ट ने मामले की प्रतिदिन सुनवाई के लिए कहा है। कई अनावश्यक याचिकाएं खारिज कर दी हैं। भगवान से प्रार्थना कीजिए कि सुनवाई सही दिशा में चलती रहे। भगवान चाहेगा तो जल्द ही इस मामले का सकारात्मक समाधान सामने आ जाएगा।
न अल्पसंख्यक विरोधी, न बहुसंख्यक विरोधी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे न तो अल्पसंख्यक विरोधी हैं न बहुसंख्यक विरोधी। उनकी सरकार के एक साल के कार्यकाल में किसी को भी मत, मजहब या उपासना के आधार पर प्रताड़ित नहीं किया गया। वह मुख्यमंत्री हैं और सबका साथ-सबका विकास की नीति पर काम कर रहे हैं।
ग्लोबस इन्वेस्टर्स समिट में दस लाख करोड़ का निवेश आएगा
योगी ने कहा कि यूपी इन्वेस्टर्स समिट में 4.68 लाख करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू हुए हैं। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 10 लाख करोड़ का निवेश आएगा। ऐसा पहली बार हो रहा है जब एमओयू के एक महीने के भीतर 25 हजार करोड़ के कार्यों की नींव इसी महीने रख दी जाएगी। अगले महीने फिर 25 हजार करोड़ के कार्यों का शिलान्यास होगा।