योगी ने कहा कि मार्क्स के अनुयायी नारे लगाते थे, ‘चाहे जो मजबूरी हो हमारी मांगें पूरी हों’, ‘जो कमाएगा वो खाएगा’। पंडित उपाध्याय ने कहा, ‘जो कमाएगा वह खिलाएगा भी’। यूपी में सर्वाधिक युवा हैं, पर्याप्त संसाधन है, सर्वाधिक अनाज और गन्ना है, पशुपालन, डेयरी में अग्रणी है। यदि दीनदयाल के मूल्यों से प्रेरणा प्राप्त कर लें तो क्रांति ला सकते हैं।
27 साल लग गए प्रतिमा लगाने में
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1991 में इस संस्थान का नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान रखा गया था, लेकिन उनकी प्रतिमा लगाने में 27 साल लग गए। उत्तर प्रदेश की जनता का सौभाग्य है कि दीनदयाल उपाध्याय की जन्मभूमि मथुरा और निर्वाणस्थली चंदौली भी यूपी में है।
गरीबों का जीवन स्तर ऊंचा उठाएंगे : पांडेय
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार गरीबों को टुकड़े देने की जगह उनका जीवन स्तर ऊंचा उठाने का काम कर रही है। केंद्र सरकार के बजट में गरीबों के लिए अनेक योजनाएं हैं। योगी सरकार के बजट में भी गरीब कल्याण को केंद्र में रखा जाएगा।
8.85 लाख आवास बनाए : सिंह
ग्राम्य विकास मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्र्रामीण में यूपी ने एक वर्ष में 8.85 लाख आवास बनाए हैं। 2022 तक प्रदेश में एक भी परिवार आवासहीन नहीं होगा। महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षित कर स्वरोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों को भी प्रशिक्षण दें : सहस्त्रबुद्धे
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि जनतंत्र में पंचायतीराज एवं ग्राम्य विकास की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य ग्राम्य विकास संस्थान में ग्रामीण जनप्रतिनिधियों को भी प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने कहा कि मोदी और योगी सरकार मिलकर दीनदयाल उपाध्याय के दर्शन का भारत बना रहे हैं। मनुष्य के कल्याण को केंद्र में रखकर योजनाएं बन रही हैं। इस अवसर पर सांसद कौशल किशोर, बीकेटी विधायक अविनाश त्रिवेदी भी मौजूद थे।