मायावती ने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल बनने लगा है। शहरी निकाय चुनाव में लोगों की नाराजगी साफ नजर आई है। यूपी की जनता गुजरात की तरह ही भाजपा के खिलाफ मन बनाए लगती है।
मुकदमा वापसी की आलोचना
मायावती ने कहा कि भाजपा के लोग खुद को कानून से ऊपर मानकर अपने आपराधिक मुकदमों को वापस कराने की होड़ में लगे हैं। यह कानून के राज से खुला खिलवाड़ नहीं तो क्या है?
बसपा की सभी बूथ कमेटियां भंग, नए सिरे से होंगी गठित
बसपा सुप्रीमो मायावती ने लोकसभा चुनाव की तैयारी के मद्देनजर प्रदेश की सभी बूथ कमेटियां भंग कर दी हैं। इनका नए सिरे से गठन किया जाएगा। इसके अलावा, निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को पार्टी संगठन में पदाधिकारी बनाने का निर्देश भी दिया है। मायावती ने जोनल इंचार्जों, मंडल पदाधिकारियों आदि की बैठक में लोकसभा चुनाव के लिहाज से रणनीति पर चर्चा कर काडर कैंप के जरिए नई बूथ कमेटियों का गठन करने का निर्देश दिया। बसपा अध्यक्ष ने कहा किजनवरी से मई तक रिव्यू का दौर चलेगा। इसके बाद, बूथ कमेटियों के जरिए सर्वसमाज को जोड़ने का काम किया जाएगा।
मायावती ने पदाधिकारियों को बताया कि ईवीएम धांधली के खिलाफ बसपा कोर्ट गई और उसके प्रयास से ही ईवीएम में वीवीपैट लगाए गए। वीवीपैट से ईवीएम बटन दबाने के बाद एक स्लिप निकलती है जो सात सेकेंड तक दिखती है। ऐसे में कार्यकर्ताओं के साथ मतदाताओं को भी समझाएं कि वे ईवीएम बटन दबाने के बाद वीवीपैट से निकली स्लिप देखें और यदि हाथी की जगह कोई दूसरा निशान नजर आता है तो तब तक मशीन दबाए रहें, जब तक वरिष्ठ चुनाव अधिकारी मौके पर न आ जाएं।